- Advertisement -
टोक्यो। जापान के पीएम शिंजो आबे (Shinzō Abe) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बतौर रिपोर्ट्स, जापान के सबसे लंबे समय तक पीएम बने रहे शिंज़ो आबे (65) ने खराब स्वास्थ्य के कारण शुक्रवार को इस्तीफा (Resignation) दे दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शिंजो आबे बीमार चल रहे हैं। आबे कई वर्षों से अल्सरेटिव कोलाइटिस की बीमारी से जूझ रहे हैं और पिछले दिनों दो बार अस्पताल गए थे। जिसके बाद से उनके इस्तीफे को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी थीं। आबे ने पहले कहा था कि वह अपनी सेहत का खयाल रखना और अच्छा काम करना चाहते हैं। आज शिंजो आबे ने अपने इस्तीफ का औपचारिक रूप से ऐलान कर दिया।
इस बात का ऐलान करते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिंजो आबे ने कहा कि मैंने पीएम के पद से हटने का फैसला किया है। मैं अपनी इस बीमारी के लिए एक नया ट्रीटमेंट करा रहा हूं, जिसमें नियमित रूप से जांच और देखरेख की जरूरत है। मैं अपने ट्रीटमेंट के दौरान अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए पर्याप्त समय नहीं दे पाऊंगा। उन्होंने कहा कि अब जब मैं विश्वास के साथ लोगों से मिले जनादेश को पूरा करने में सक्षम नहीं हूं, तो मैंने फैसला किया है कि मुझे अब पीएम के पद पर बने नहीं रहना चाहिए।
गत सोमवार को आबे ने अपने कार्यालय में 8 साल पूरे कर लिए और वह जापान के सबसे ज्यादा समय तक रहने वाले पीएम बन गए थे। हाल के दिनों में कोरोना वायरस को ठीक से नहीं संभालने पर उनकी लोकप्रियता में भी करीब 30 प्रतिशत की कमी आई है। उनकी पार्टी इन दिनों कई घोटालों से जूझ रही है। 65 साल के आबे ने देश की अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने का वादा किया था। चीन के खतरे को देखते हुए आबे जापानी सेना को भी मजबूत करने में जुटे हुए थे।
- Advertisement -