- Advertisement -
नई दिल्ली। दशकों से लोगों का सपना रहा है कि जितना आसान सड़कों पर कार दौड़ाना है उतना ही आसान काश उसे आसमान में उड़ाना भी होता। लेकिन अब यह सपना सच होता दिख रहा है। दरअसल, एक जापानी फर्म ने इस सप्ताह की शुरुआत में एक व्यक्ति के साथ ‘उड़ने वाली कार‘ (Flying Car) का सफल परीक्षण किया। विमान व्यक्ति सहित ज़मीन से कई फीट (1-2 मीटर) ऊपर उठा और लगभग 4 मिनट तक मैदान की परिक्रमा की। फर्म ने कहा कि यह अभी 5-10 मिनट ही उड़ सकती है लेकिन इसे बढ़ाकर 30 मिनट तक किया जाएगा।
इस कार को बनाने वाली कंपनी का नाम स्काईड्राइव इंक (SkyDrive Inc) है। इस कार के उड़ने का वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है एक मोटरसाइकिल जैसे वाहन जिसमें लगे प्रणोदकों ने उसे जमीन से कई फुट (एक से दो मीटर) की ऊंचाई पर उड़ाया। यह मोटरसाइकिल एक निश्चित क्षेत्र में चार मिनट तक हवा में रही। कंपनी की तरफ से इस कार के बारे में अधिक जानकारी देते हुए बताया गया कि 2023 तक ‘उड़ने वाली कार’ के वास्तविक उत्पाद के तौर पर सामने आने की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि इसे सुरक्षित बनाना एक बड़ी चुनौती है।
स्काइड्राइव की इस परियोजना के प्रमुख तोमोहिरो फुकुजावा ने कहा कि दुनियाभर में उड़ने वाली कार को लेकर 100 से अधिक परियोजनाएं चल रही हैं। उनमें से कुछ ही ऐसी परियोजनाएं हैं जो एक व्यक्ति को लेकर उड़ान भरने में सफल रही हैं। उन्होंने आगे बताया कि मुझे आशा है कि कई लोग इसे चलाना चाहते हैं और सुरक्षित महसूस करना चाहते हैं। अभी पांच से 10 मिनट ही उड़ सकती है, लेकिन इसके उड़ान समय को बढ़ाकर 30 मिनट किया जा सकता है। इसमें कई संभावनाएं हैं और इन्हें चीन जैसे देशों में निर्यात भी किया जा सकता है। तीन साल पहले भी इस कार का एक परीक्षण किया गया जो असफल रहा था।
- Advertisement -