- Advertisement -
रविंद्र चौधरी/जवाली। नगर पंचायत जवाली पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) द्वारा चलाए गए संपूर्ण स्वच्छता अभियान की पोल खोलती नजर आ रही है। नगर पंचायत जवाली को डंपिंग साइट ना मिलने से कैहरियां चौक, लव व एसडीएम रेजिडेंस के बाहर जगह- जगह गंदगी व कूड़े के ढेर लगे हैं, जोकि बीमारियों को न्योता दे रहे हैं। पिछले 3 वर्ष से नगर पंचायत जवाली को डंपिंग साइट नहीं मिल पाई है। जहां पर पहले कूड़ा फेंका जाता था, वह जगह वन विभाग की थी। पिछले 1 महीने से उस जगह को वन विभाग ने तारबंदी करके बंद कर दिया है। तब से लेकर नगर पंचायत को कूड़ा फेंकने के लिए कोई भी जगह नहीं मिली है। जगह-जगह लगे कूड़ादान भर गए हैं।
एसडीएम जवाली सलीम आजम ने बताया कि डंपिंग साइट के लिए जगह का चयन किया जा रहा है। जल्द ही जगह का चयन कर लिया जाएगा। आगामी दिनों में नगर पंचायत जवाली में जगह-जगह लगे कूड़े व गंदगी के ढेरों को उठा दिया जाएगा।
नगर पंचायत जवाली की अध्यक्ष ममता रानी ने पूर्व में रही अध्यक्ष के सिर ठिकरा फोड़ा है। उन्होंने कहा कि पूर्व अध्यक्ष पिछले 3 साल में डंपिंग साइट का चयन नहीं करवा सकीं। उन्हें नगर पंचायत जवाली के अध्यक्ष का कार्यभार संभाले अभी 6 महीने हुए हैं। तब से लेकर डंपिंग साइट की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही डंपिंग साइट का चयन किया जाएगा।
- Advertisement -