-
Advertisement
J&K: घाटी में तैयार किया गया Ventilator का प्रोटोटाइप ‘रूहदार’, जल्द कराएंगे पेटेंट
श्रीनगर। भारत में जारी कोरोना वायरस के खिलाफ जंग के बीच जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) में स्थित इस्लामिक यूनीवर्सिटी ऑफ साईंस एंड टेक्नोलॉजी अवंतीपोर के इंजीनियरों और अविष्कारकों ने कोविड-19 (Covid-19) के उपचार में सबसे जरुरी उपकरण वेंटीलेटर (Ventilator) का एक प्रोटोटाइप विकसित किया है। कोविड-19 के लगातार फैलते मकड़जाल से निपटने के लिए तैयार रूहदार (Roohdaar) को घाटी में उपलब्ध संसाधनों व उपकरणों से तैयार किया है। रूहदार बुधवार को तैयार किया गया है। प्रयोगशाला में यह हर मानक पर खरा उतरा है। यह लगातार काम कर रहा है।
सामान्य तौर पर एक वेंटीलेटर की कीमत उसमें इस्तेमाल तकनीक व उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर दो लाख से लेकर 10 लाख रुपए तक होती है। वहीं वेंटिलेटर के इस प्रोटोटाइप की लागत 15 हजार रुपए के करीब आयी है। जल्द ही शेरे कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान सौरा के चिकित्सा विशेषज्ञ इसकी जांच करने वाले हैं। अगर वह इसे हरी झंडी देंगे तो व्यावसायिक स्तर पर इसका इस्तेमाल और उत्पादन होगा।
विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रो मुश्ताक ए सिद्दकी ने इस सफलता के पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि जल्द ही हम इसका पेटेंट कराएंगे और स्टार्ट अपस को इसके निर्माण की तकनीक उपलब्ध कराएंगे ताकि इनका बड़े पैमाने पर निर्माण हो सके। इस प्रोटोटाइप को अब हम चिकित्सा विशेषज्ञों को जांच के लिए सौंपेंगे, वह इसकी जांच करेंगे और तय करेंगे कि इसमें और सुधार चाहिए या नहीं। इसमें मौजूदा हालात में कैसे इस्तेमाल किया जाएगा, यह वही तय करेंगे।
