- Advertisement -
धर्मशाला। देवभूमि में पर्यटन कारोबार को नई दिशा देने के लिए होटल एसोसिएशन धर्मशाला व पर्यटन विभाग के सहयोग से धर्मशाला में टूरिज्म फेस्ट का आयोजन किया गया। धर्मशाला टूरिज्म फेस्ट (Dharamshala Tourism Fest) का शुभारंभ रविवार को कांगड़ा-चंबा के सांसद किशन कपूर (Kishan Kapoor) ने किया। पर्यटन क्षेत्र के अपनी तरह के इस पहले एवं बड़े मेगा इवेंट में देश-विदेश की ट्रैवल कंपनियों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
धर्मशाला के होटलियर्स इन ट्रैवल कंपनी के प्रतिनिधियों को पहाड़ों की प्रकृति और पहाड़ की संस्कृति की झलक दिखाते हुए यहां के प्रसिद्ध स्थानों की सैर भी करवाएंगे और कांगड़ा घाटी के बेहतरीन पर्यटन स्थलों से इन्हें रू-बरू करवाएंगे ताकि वह देश दुनिया के पर्यटकों को हिमाचल लेकर आएं। इंडोर स्टेडियम धर्मशाला में आयोजित किए जा रहे टूरिजम फेस्ट में लगभग 100 स्टाल लगाए गए हैंए जिनमें कांगड़ा से छोटे.बड़े होटल अपने.अपने होटलों एवं अन्य पर्यटक स्थलों की जानकारी ट्रैवल एजेंटों को उपलब्ध करवा रहे हैं।
इस मौके पर सांसद किशन कपूर ने फेस्ट में देशभर से आए ट्रैवल एजेंट व अन्य प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांगड़ा घाटी व धर्मशाला के पर्यटक स्थलों को प्रचार प्रसार नहीं मिल पाया है। कपूर ने कहा कि यहां प्राकृतिक खूबसूरती का अनूठा नजारा देखने को मिलता है, जो और कहीं भी नहीं है। यहां पर मंदिरों का सर्किट है, जो शक्तिपीठों सहित प्राचीन शिव मंदिर बैजनाथ है। प्रदेश छोटा है, लेकिन खूबियां बहुत हैं। वातावरण भी बहुत ही खूबसूरत है और प्रदूषण बिल्कुल भी नहीं है।
किशन कपूर ने कहा कि लंबे समय से कांगड़ा घाटी का पर्यटन व्यवसाय मंदी की मार झेल रहा था, इस व्यवसाय को उभारने के लिए ही इस टूरिज्म फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है। दो मार्च तक चलने वाले इस टूरिजम फेस्ट में विशेष कांगड़ी धाम मेहमानों को खिलाई जाएगी। इसी के साथ हिमाचल की अलग-अलग संस्कृति से रू-ब-रू कराया जाएगा। वहीं सरकारी सभाओं द्वारा हस्तकलाओं की प्रदर्शनी प्रदर्शित की जाएगी। कांगड़ा चाय एवं कांगड़ा चित्रकला को भी प्रदर्शित किया गया है। धर्मशाला टूरिज्म फेस्ट का समापन पूर्व सीएम शांता कुमार द्वारा किया जाएगा।
- Advertisement -