- Advertisement -
शिमला। कोटखाई में नाबालिग छात्रा के साथ रेप और मर्डर मामले को पुलिस ने तकरीबन सुलझा दिया है। पुलिस की एसआईटी इस मामले में आज खुलासा कर सकती है। दोपहरबाद तक इसका खुलासा होने की संभावना है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले में आज और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। बाकी गिरफ्तारियां होने के साथ ही मामला सुलझ जाएगा और इस जघन्य अपराध में कौन-कौन युवक शामिल हैं, इसका भी खुलासा हो जाएगा। गौर हो कि एसआईटी ने बीती देररात एक युवक को इस मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने पुख्ता सबूतों के आधार पर ही यह गिरफ्तारी की है। इस गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम ने आधुनिक तरीके से छानबीन कर सबूत जुटाए और फिर कड़ियां जुड़ने के बाद एक युवक को गिरफ्तार किया।
आईजी (साउथ जोन) एस. जहूर जैदी की अगुवाई में बनी एसआईटी ने इस मामले में पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसने पूछताछ के बाद पुलिस ने कड़ियों को जोड़ा और फिर सभी तथ्य खंगालने के बाद आगे कार्रवाई की और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक इसमें और प्रगति हुई है और आज इसमें और गिरफ्तारियां होंगी।
गौर हो कि पुलिस के लिए इस मामले को सुलझाना नाक का सवाल बन गया था। लोगों में इस मामले को लेकर काफी गुस्सा था और इसे देखते हुए डीजीपी ने एसआईटी का गठन किया और इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने का जिम्मा वरिष्ठ पुलिस अफसर आईजी जहूर जैदी को सौंपा। जैदी के साथ इस टीम में तेजतर्रार पुलिस अफसर एएसपी भजन देव नेगी भी शामिल किए गए। अब पुलिस और गिरफ्तारियां कर सकती हैं और इसके साथ ही एक सप्ताह बाद यह मर्डर मिस्ट्री सुलझ जाएगी।
- Advertisement -