- Advertisement -
शिमला। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर (Kuldeep Rathore) ने वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह (Virbhadra Singh) पर सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) की टिप्पणी पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा है कि वीरभद्र सिंह प्रदेश के ही नहीं देश के एक ऐसे नेता हैं, जिनके राजनीतिक कद का सीएम जयराम कभी मुकाबला नहीं कर सकते। उन्होंने कहा है कि वीरभद्र सिंह को अपनी जिम्मेदारी की सीख देने से पहले सीएम को प्रदेश में उनके द्वारा किए विकास व उनके 60 साल के लंबे राजनीतिक अनुभव की गाथा को पढ़ लेना चाहिए। राठौर ने सीएम जयराम ठाकुर के वीरभद्र सिंह पर दिए गए उनके बयान पर हैरानी जताते हुए कहा कि उनका यह बयान वीरभद्र सिंह का ही नहीं, अपितु यह पूरे प्रदेश का अपमान है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्तित्व ने देश के पहले पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू (Pandit Jawaharlal Nehru) से लेकर वर्तमान समय तक देश व प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका निभा रहें हों, उस वरिष्ठ नेता को अपने कर्तव्य बोध का पाठ पढ़ाने की कोशिश करना प्रदेश के सीएम को शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि हिमाचल निर्माता डॉक्टर यशवंत सिंह परमार के बाद वीरभद्र सिंह को आधुनिक हिमाचल का विकास पुरुष कहा जाता है।
राठौर ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर को वीरभद्र सिंह के कद तक पहुंचने में एक युग लग जाएगा। राठौर ने सीएम को सलाह दी है कि उन्हें प्रदेश के विकास का मंत्र वीरभद्र सिंह से लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने राजनीति द्वेष की परंपरा से हट कर प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है और वर्तमान सीएम को भी उसी परंपरा का अनुसरण करना चाहिए।
- Advertisement -