- Advertisement -
शिमला। देश में बीजेपी का “बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ” का नारा आज फिर बेटियों के प्रति झूठा और खोखला साबित हुआ है। उत्तर प्रदेश में जंगल राज के चलते कोई भी सुरक्षित नहीं है। यह बात कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर (Kuldeep Singh Rathore) ने उत्तर प्रदेश के हाथरस (#Hathras) में युवती के साथ हुई बर्बरता पर दुख प्रकट करते हुए कही। उन्होंने कहा है कि महिलाओं के साथ बढ़ते अत्याचार और घिनौनी घटनाओं ने देश को आज फिर झिंझोड़ कर रख दिया है। राठौर ने हाथरस की इस घटना में शामिल दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर संदेह व्यक्त करते हुए आरोप लगाया है कि राजनीतिक संरक्षण के चलते देश मे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
राठौर ने हाथरस की इस पीड़ित युवती के आधी रात को किए गए अंतिम संस्कार पर भी हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि यह कोई न्याय व्यवस्था नहीं है। पीड़ित परिवार के साथ यह एक बड़ा अन्याय किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ लगता है कि कहीं ना कहीं साक्ष्यों को मिटा कर अपराधियों को बचाने की यह कोई कोशिश हो सकती है। राठौर ने बीजेपी (BJP) पर आरोप लगाया है कि उसके शासनकाल में देश मे अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा है देश की गंभीर चुनोतियों से निपटने में बीजेपी पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा है कि हाथरस की इस घटना ने देश मे महिला सुरक्षा की पूरी पोल खोल कर रख दी है।
- Advertisement -