- Advertisement -
शिमला। पेट्रोल-डीजल (Petrol -Diesel) के दाम बढ़ने के बाद अब रसोई गैस (LPG) के मूल्यों में 77 रुपए की एकमुश्त वृद्धि को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर (Kuldeep Singh Rathore) ने प्रदेश सरकार की आलोचना की है। कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि सरकार उपचुनावों में मिली जीत की खुशी में प्रदेश के लोगों को महंगाई के तोहफे दे रही है। राठौर ने कहा कि एक तरफ पेट्रोल डीजल में वेट बढ़ा कर इसकी मूल्य वृद्धि की मार लोगों पर की गई, इसके साथ ही रसोई गैस के मूल्यों में पिछले तीन महीनों से की जा रही बढ़ोतरी से गृहणियों को भी महंगाई का तोहफा दे दिया है।
राठौर ने कहा है कि प्रदेश में सरकार अपनी फिजूल खर्ची पर तो लगाम नही लगा पा रही है। अपना खजाना भरने के लिये लोगों पर टैक्स थाेपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग पहले ही महंगाई की मार झेल रहे हैं। अब पेट्रोल, डीज़ल और गैस की बढ़ी कीमतों से भी महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी। राठौर ने कहा है कि कांग्रेस प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों व निर्णयों का डटकर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसके खिलाफ कांग्रेस मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा है कि अगर प्रदेश सरकार ने जल्द ही अपने इस निर्णय को वापिस नहीं लिया तो इसके विरुद्ध प्रदेशभर में धरने प्रर्दशन किये जायंगे।
- Advertisement -