- Advertisement -
कुल्लू। कुल्लू ज़िला में क्रिसमस के बाद अब न्यू ईयर ईव नजदीक आते ही पर्यटन नगरी मनाली में कुल्लवी देव वाद्ययंत्रों की धुनें और डीजे की धुनें गूंजने लगी हैं। इस बार न्यू इयर के मौके पर कुल्लू-मनाली के पहाड़ बर्फ से लद गए है। बर्फ के फाहों की उम्मीद लिए सैलानियों का मनाली आना शुरु हो गया है। जबकि मनाली के 70 प्रतिशत होटल अभी से पैक चल रहे हैं।
वहीं मौसम भी सैलानियों व पर्यटन व्यवसायियों की उम्मीद पर खरा उतरने लगा है। पर्यटन निगम सहित सभी बड़े होटलों ने पर्यटकों के लिए नव वर्ष संध्या की विशेष व्यवस्था की है। पिछले दिनों से बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक वाहनों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मनाली कसोल व कुल्लू में सैंकडों वाहन पर्यटन नगरी मनाली में दस्तक देने लगे हैं। मनाली के पर्यटन स्थल सोलंग, कोठी, पलचान, नेहरुकुंड, हडिंबा परिसर, मनाली गांव, वशिष्ठ, जगतसुख व नग्गर में सैलानियों की चहल-कदमी बढ़ गई है। वहीं कसोल होटल व्यवसायी किशन ठाकुर ने बताया कि मनाली में पर्यटन कारोबार गति पकड़ने लगा है।
पर्यटन निगम मनाली के डीजीएम अरविंद सेन ने बताया कि पर्यटन निगम पर्यटकों की नव वर्ष संध्या को विशेष बनाने के लिए क्लब हाउस में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। जहां 3500 रूपये प्रति कप्पल अदा कर सैलानी नव वर्ष की संध्या मना सकते है। इधर, होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने कहा कि मनाली में पर्यटकों की आमद बढ़ी है तथा कल से हो रही बर्फबारी से मनाली में सैलानियों का सैलाब उमड़ पडे़गा। जिससे यहां के पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी। टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष गुप्त राम मारूति ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि नव वर्ष की संध्या को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था दुरूस्त की जाए। ताकि सैलानियों को ट्रैफिक जाम का सामना न करना पडे़।
- Advertisement -