-
Advertisement
निर्माणाधीन मकान की 5वीं मंजिल से गिरा मजदूर, गंभीर हालात में IGMC रेफर
Last Updated on September 24, 2020 by Deepak
नाहन। जिला मुख्यालय नाहन के समीप यशवंत विहार क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान की 5वीं मंजिल से गिरकर एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे नाहन मेडिकल कॉलेज (Nahan Medical College) से प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला (IGMC Shimla) रेफर कर दिया गया। हादसा गुरूवार दोपहर साढ़े 3 बजे के आसपास पेश आया। जानकारी के अनुसार यशवंत विहार क्षेत्र में गायत्री मंदिर के समीप एक निर्माणाधीन मकान की 5वीं मंजिल पर लैंटल डालने का कार्य किया जा रहा था। यहां पर 26 वर्षीय मजदूर सतपाल निवासी गांव थदोली तहसील ददाहू अपने अन्य मजदूर साथियों के साथ लैंटल डालने के कार्य में लगा हुआ था। इस दौरान वह लैंटल पर मिक्चर को पीछे की तरफ धकेल रहा था कि इसी बीच वह संतुलन खो बैठा और सीधे पांचवी मंजिल से नीचे आ गिरा। तुरंत घायल मजदूर को नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया। मजदूर की हालत नाजुक बताई जा रही है।
उधर, मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. निर्दोष भारद्वाज ने पुष्टि करते हुए बताया कि 26 वर्षीय सतपाल नाम के एक व्यक्ति को घायल अवस्था में नाहन मेडिकल कॉलेज लाया गया था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।