- Advertisement -
मनाली। लाहौल घाटी में फंसे सैकड़ों लोगों के लिए बीआरओ राहत बन कर आया है। दर्रे के बहाल होते ही अब आफत में फंसे लोगों को कुल्लू भेजने का सिलसिला शुरू हो गया है। लाहौल स्पीति प्रशासन ने रेस्क्यू टीम कोकसर की देखरेख में पहले गाड़ियों के जत्थे को सुबह 11 बजे कोकसर से रवाना कर दिया। मढ़ी की रेस्कयू टीम इन लोगों को लेने व मदद करने को मढ़ी से रोहतांग रवाना हो गई है। वहीं, बीआरओ ने रोहतांग दर्रे में बर्फ हटाकर एक तरफा मार्ग बहाल किया है, जिससे एक तरफ से ही वाहन भेजे जा रहे हैं।
रोहतांग के आसपास के क्षेत्रों में रात को तापमान लुढ़कने से पानी जम गया है, जिससे जोखिम भी बढ़ गया है। दूसरी ओर, सुबह ही लाहौल व मनाली घाटी में बादल छा गए, जिससे कुल्लू व मनाली में फंसे सैकड़ों लाहौल के लोग चिंतित हैं। कुल्लू-मनाली के इन लोगों को कल लाहौल भेजा जाएगा। डीसी लाहौल स्पीति देवा सिंह नेगी ने बताया कि प्रशासन सतर्क है और लोगों की हरसंभव सहायता मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि वाहनों को कोकसर से मनाली भेज दिया है, जिससे घाटी में फंसे लोगों को राहत मिल गई है। बीआरओ कमांडर कर्नल एके अवस्थी ने बताया कि लाहौल में फंसे लोगों की दिक्कतों को देखते हुए ही उन्होंने रोहतांग दर्रे को बहाल किया है।
- Advertisement -