- Advertisement -
Lahaul Spiti Congress : शिमला। भले ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने संगठन चुनावों का बिगुल बजा लिया है , लेकिन वह मनोनयन से संगठन में नई तैनातियां भी करने लगी हैं। कुछ दिन पहले शिमला जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के पद पर कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति करने के बाद आज एक और जिलाध्यक्ष की तैनाती की गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने ज्ञालसन ठाकुर को जनजातीय जिले लाहौल स्पीति कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी ने ज्ञालसन ठाकुर के नाम पर मुहर लगाई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अनुमोदन पर यह तैनाती की गई है। ज्ञालसन ठाकुर संगठन के पुराने कार्यकर्ता हैं, पार्टी में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। संगठन में कई पदों पर कार्य करने के बाद ही उन्हें यह नई जिम्मेवारी सौंपी गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव नरेश चौहान ने कहा कि ज्ञालसन ठाकुर की नियुक्त तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। उधर, संगठन में मनोनयन से तैनातियां होने से संगठन के चुनाव को लेकर भी प्रश्न चिन्ह लगने लगा है। सवाल यह है कि जब संगठन के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है तो क्या ऐसे में संगठन में नियुक्तियां की जानी वाजिब हैं।
- Advertisement -