- Advertisement -
कुल्लू। जिला की सैंज-लारजी सड़क मार्ग ( Sainj-Larji Road)पर पागल नाला में भारी मलबा आने एक बार फिर से यहां पर यातायात पूरी तरह से बंद हो गया है। सड़क मार्ग अवरुद्ध होने के कारण दोनों तरफ छोटे-बड़े कई वाहन फंस गए हैं और स्थानीय लोगों को आने-जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस सप्ताह में पागल नाला में भारी मलबा आने से यहां पर चार बार यातायात (Traffic)प्रभावित हुआ है जिससे लोगों को बार-बार परेशानी हो रही है।
सैंज घाटी के निवासी चमन,जीवन, राम सिंह,मनोहर लाल,मेहर सिंह,महेंद्र सिंह का आरोप है पिछले कई वर्षों से सैंज घाटी के लोगों को पागल नाला में बाढ़ आने से यातायात की लगातार समस्या का सामना करना पड़ रहा है लेकिन इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन जनता की समस्याओं को समाधान करने में नाकाम रहा है। घाटी के लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतें सीजन व बरसात के समय आती है जब सड़क मार्ग बंद होने के कारण वे कई दिनों तक अपने उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में नाकाम रहते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन व सरकार से मांग की है कि पागल नाला में मलबा आने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
- Advertisement -