- Advertisement -
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी के छिंजरा गांव में पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन के कारण एक दर्जन परिवारों ने अपने मकानों को छोड़ दूसरों के घरो में शरण ली है। छिंजरा गांव में पिछले पांच घंटों से लगातार भूस्खलन हो रहा है जिससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार छिंजरा गांव में करीब एक बजे के समय अचानक पहाड़ी से भूस्खलन के साथ चट्टानें व पेड़ गिरे। गांव के एक मकान की छत पर बड़े बड़े पत्थर गिरने के बाद लोगों में डर का माहौल बन गया। भूस्खलन से गिर रही चट्टानों के कारण एक दर्जन परिवारों के 3 दर्जन सदस्यों ने सुरक्षित स्थान पर दूसरों के घरों में शरण ली। कंहेन्या लाल, अमरजीत, हर्षदीप, जोगिन्द्र पाल, ओम प्रकाश, राम लाल, सोहन लाल, ज्ञान चंद, महेन्द्र ने बताया कि गांव में दोपहर बाद पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण गांव के एक दर्जन मकानों को नुकसान का खतरा मंडरा रहा है।
यह भी पढ़ें: अटकी सांसेंः ग्रिफ की कॉलोनी को छूता निकला ग्लेशियर
उन्होंने कहा कि गांव के लोगों को पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मवेशियों के साथ दूसरों के घरों में शरण ली है। लोगों ने बताया कि दो दशक पहले भी इसी पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ था, जोकि बाद में बंद हो गया था। उन्होंने सरकार से मांग की है कि मौसम साफ होने के बाद भूस्खलन को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीणों की समस्या का समय रहते समाधान हो सके।
- Advertisement -