- Advertisement -
नाहन। विकास खंड नाहन की धगेडा पंचायत में भारी बारिश के चलते एक पक्का मकान जमींदोज हो गया है। इससे प्रभावित परिवार को लाखों रुपये के नुकसान हुआ। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त घर पर कोई नहीं था। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल समेत प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। राजस्व विभाग के पटवारी और कानूनगो मौके पे नुकसान का जायजा लेने में जुटे हैं। जानकारी अनुसार शनिवार की रात धगेडा पंचायत के खुडू बलाहर गांव में तीन कमरों का एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि मकान के पीछे से भारी मात्रा में भूस्खलन के चलते सारा मलबा मकान पर आ गिरा। इसके चलते मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया। इससे प्रभावित परिवार को चार से पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मकान गिरने से जगमोहन और वीरेंद्र पुत्र खजान सिंह के पास अब रहने के लिए छत नहीं है। दोनों भाइयों ने एक एक पैसा जोड़कर और लोगों से उधार मांगकर मकान के लिए पैसे इकट्ठे किये थे। वीरेंद्र बीपीएल परिवार से संबंधित है। दोनों भाइयों ने हाल ही में तीन कमरों का मकान बनाया था। खजान सिंह के दो अन्य बेटे दूसरे मकान में रहते हैं।
सूचना मिलते ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल समेत एसडीएम नाहन और अन्य विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राजस्व विभाग भी मौके पर डटा है। उधर, पंचायत के पूर्व प्रधान वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि प्रभावित परिवार को लाखों का नुकसान हुआ है। डॉ राजीव बिंदल ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन और विभागों के अधिकारियों समेत राजस्व विभाग को जरूरी निर्देश दिए हैं
- Advertisement -