- Advertisement -
चंबा। जिला के चुराह क्षेत्र में एक मकान की छत गिर गई। हादसे के वक्त घर का मालिक घर में ही सो रहा था। गनीमत यह कि छत का मलबा कुछ फासले पर गिरा। ग्राम पंचायत गडफरी के वार्ड नंबर दो करमड़ी निवासी प्रभावित रोशन लाल पुत्र जय दयाल निवासी गांव करमड़ी रविवार रात को घर में सो रहा था। इस दौरान देर रात अचानक छत गिर गई। छत के गिरने के बाद वह पूरी तरह से सहम गया। इसके बाद उसने रात डर के साये में काटी।
रोशन लाल ने बताया कि छत की सारी लकड़ी सड़ चुकी है। उसके पास दोबारा से छत का निर्माण करने के लिए इतना धन नहीं है। वह न चाहते हुए भी उस घर में रहने को मजबूर है। वह अत्यंत गरीब है तथा अब उसको सिर छुपाने के लिए कोई दूसरा मकान नहीं है। उधर, ग्राम पंचायत गडफरी के प्रधान लक्ष्मण दास ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रोशन लाल के मकान की छत गिरने के बारे में पता चला था। इसके बाद इसकी सूचना संबंधित पटवार सर्किल लेसुई के पटवारी को दी गई। सूचना मिलने के उपरांत पटवारी ने मौका करके रिपोर्ट एसडीएम तीसा को सौंप दी है।
- Advertisement -