- Advertisement -
बिलासपुर। डियारा सेक्टर में जारी गुंडागर्दी का नंगा नाच शनिवार देर रात तक भी जारी रहा। माहौल बिगड़ते देख पुलिस को भी लाठियां भांजनी पड़ी, जिसमें कई लोग घायल भी हो गए। गुस्साई भीड़ ने भी गाड़ियों से तोड़फोड़ की। गौर रहे कि शहर के डियारा सेक्टर में गुरुवार रात तीन युवकों पर तेजधार हथियार से हुए जानलेवा हमला के बाद पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट उनके परिजनों व लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया।
नरेंद्र पंडित की अगवाई में चंपा पार्क में शहरवासियों ने पुलिस प्रशासन व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने चेताया कि हमलावरों पर शिकंजा न कसा गया तो संघर्ष को तेज कर दिया जाएगा। इसके साथ ही शनिवार को भी माहौल तनावपूर्ण बना रहा है।
घटना के दूसरे दिन आरोपियों की रिहाई के बाद मुख्य आरोपी को डियारा सेक्टर स्थित उसके किराए के मकान में पहुंचने पर सैकड़ों लोगों ने वहां इक्कठे हो कर उसे शहर से बाहर भेजने को लेकर प्रदर्शन किया। गुस्साई भीड़ पर लाठियां भांजी गई। जिससे कई लोग घायल हो गए हैं। पुलिस की एक गाड़ी समेत मुख्य आरोपी की गाड़ी के साथ तोड़फोड़ भी की गई है, जिसको लेकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। रात डेढ़ बजे पुलिस को मुख्य आरोपी समेत ग्यारह उसके साथियों को कड़ी सुरक्षा के बीच बाहर निकाल कर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। बाद में सभी आरोपियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपियों के साथ एक नेता का लड़का भी मौजूद था। शनिवार को पीड़ित परिवार के सदस्यों के साथ अन्य लोगों ने एक बार फिर पुलिस अधीक्षक राहुल नाथ को ज्ञापन सौंप आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाने की मांग की आरोप है कि पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। इस हमले में शामिल एक नेता के बेटे को बचाने की कोशिश की जा रही है। मौके पर आए नेता माहौल को भांप कर वहां से अपने बेटे को लेकर चलते बने। पुलिस मूकदर्शक बनकर तमाशा देखती रही। गुस्साई भीड़ के गुस्से का शिकार सिटी चौकी प्रभारी को भी बनना पड़ा। बहरहाल,मामले के तूल पकड़ने पर हरकत में आई पुलिस ने छह हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया।
- Advertisement -