- Advertisement -
पांवटा साहिब। वन मंडल के अंतर्गत भंगानी रेंज के तहत डांडा बीट में एक युवा तेंदुए का शव मिला है। तेंदुए की गोली मारकर हत्या की गई है। फिलहाल वन विभाग ने युवा तेंदुए का शव कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। मौत के असल कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
तेंदुए का शव डांडा बीड के तहत झाड़ियों के बीच पड़ा मिला था। मौका-ए-वारदात के हालात को देख कर स्थिति स्पष्ट है कि उसी स्थान पर तेंदुए को सिर पर गोली मारी गई है। शव मिलने के स्थान पर बड़ी मात्रा में खून बिखरा हुआ मिला। जबकि आसपास अन्य किसी स्थान पर संघर्ष या खून के कोई निशान नहीं मिले। गोली तेंदुए के आंख और जबड़े के बीच लगी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि गोली लगते ही तेंदुए की मौत हो गई होगी।
इस संबंध में डीएफओ पांवटा एसएस राणा ने बताया कि पांवटा साहिब स्थित पशु चिकत्सालय में मादा तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है और उसके बाद उसका संस्कार भी कर दिया गया है। पुलिस में इसकी शिकायत कर दी है। मामले में आगे जो भी कार्रवाई बनती है, वह की जाएगी।
- Advertisement -