- Advertisement -
ऊना। तेंदुए को पकड़ने गए वन विभाग के रेंज ऑफिसर (आरओ) बाल-बाल बच गए। दथवाड़ा में तेंदुए के हमले में आरओ राजेश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में वन विभाग के कुल चार लोगों को चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार दथवाड़ा में तेंदुए के छुपे होने की वन विभाग को जानकारी मिली तो महकमें के अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके की ओर रवाना हो गए।
कहा जा रहा है कि जब आरओ राजेश ठाकुर अपनी टीम के साथ तेंदुए की तलाश कर रहे थे तभी अचानक झाड़ियों से तेंदुआ निकला ओर उन पर झपट पड़ा। अचानक हुए हमले में वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। तेंदुए ने आरओ के सिर को अपने जबड़े में लिया और उनके शरीर पर भी पंजे से एक के बाद एक कई वार कर दिए। गनीमत यह रही कि आरओ को लोगों ने सुरक्षित छुड़ा लिया। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया ओर फिर हिम्मत करके तेंदुए पर हमला कर दिया, जिससे तेंदुए की मौत हो गई। बहरहाल हादसे में आरओ को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल में किया जा रहा है।
- Advertisement -