- Advertisement -
कहा जाता है कि पेट (stomach) का कनेक्शन सीधा दिल के साथ होता है। पेट ठीक हो तो आपका दिन भी अच्छा जाता है वरना पूरा दिन आपका काम में भी मन नही लग पाता है। यूं तो आप खुद को फिट रखने की पूरी कोशिश करते होंगे, लेकिन कामकाजी लोगों को पाचन से जुड़ी समस्या अक्सर परेशान करती हैं। एसिडिटी, कब्ज, पेट दर्द और हार्टबर्न की समस्या आम हो गई है। आप भी ऐसी समस्याओं से परेशान हैं तो आपके लिए हम आपको कुछ घरेलू चीजों बारे में बताते हैं जिनके सेवन से आप अपने पेट को फिट और हेल्दी रख सकते हैं।
सौंफ : ये एसिडिटी (Acidity) को ठीक करके पेट को राहत पहुंचाती है। एक बड़ा चम्मच सौंफ 2 कप पानी में उबाल लें और इस मिश्रण को दिन में दो-तीन बार लें। इससे छोटी और बड़ी आंत को फायदा होता है। खाना खाने के 5 से 10 मिनट बाद छोटा चम्मच सौफ लेना फायदेमंद है।
अजवाइन : अगर एसिडिटी और गैस से परेशान रहते हैं तो आपके लिए अजवाइन का नियमित सेवन बेहद फायदेमंद है। अगर नियमित नहीं लेते तो जिस दिन ज्यादा तेल-मसाले वाली चीजें खा लें, उस दिन अजवाइन जरूर खाएं। यह पेट में मौजूद हानिकारक तत्वों को खत्म करती है। खास बात यह कि अजवाइन में कैल्शियम होता है, जो हड्डियों के लिए फायदेमंद है। खाना खाने के 10 मिनट बाद एक छोटा चम्मच साबुत अजवाइन चुटकीभर काला या सेंधा नमक के साथ लें और साथ में आधा गिलास पानी पी लें। हर दिन इसे सब्जियों में डालकर भी खा सकते हैं।
लौंग : इसक नियमित सेवन भी पेट को दुरुस्त रखता है। खाना खाने के 10 मिनट बाद लौंग की एक या दो कली लेने से खाना पचाने में आसानी होती है। यह पेट साफ रखती है। लौंग की एक या दो कली चबाने से मसूड़े मजबूत होते हैं, जिससे खाना चबाना आसान होता है और इससे पेट ठीक रहता है। लौंग को साबुत या फिर चाय के साथ भी ले सकते हैं।
सौंठ : सौंठ गैस को कम करने में मदद करती है। इसका नियमित सेवन हाजमे को दुरुस्त करता है। इससे पेट में एंजाइम सही मात्रा में निकलते हैं। आधा छोटा चम्मच सौंठ का पाउडर गुनगुना या नॉर्मल पानी के साथ खाना खाने के 10-15 मिनट बाद ले सकते हैं।
हरड़ : अपच (Indigestion) को हराने में हरड़ की मदद लीजिए। यह पेट के रोगों में बेहद लाभदायक है। यह पेट को साफ रखता है और खाना पचाने में मददगार है। खाना खाने के 10 से 15 मिनट बाद आधा चम्मच हरड़ सादे पानी के साथ लें। पेट की समस्या दूर रहेगी।
हींग : खाना बनाने में हींग का उपयोग खूब होता है। बेशक इसकी सुगंध भूख बढ़ाती है लेकिन यह पाचन के लिए भी फायदेमंद है। यह लिवर को मजबूत करता है। इसके नियमित सेवन से पाचन के लिए निकलने वाले एंजाइम सही मात्रा में निकलते हैं। अगर इसे साबुत खाना चाहते हैं तो एक चावल या गेहूं के दाने जितनी मात्रा में हींग लें। अगर पाउडर रूप में लेना है तो खाने के 10 मिनट बाद एक गिलास नॉर्मल या गुनगुने पानी के साथ लें। हींग को नाभि के ऊपर लगाने से भी गैस की समस्या से छुटकारा मिलता है और पेट दर्द से राहत।
तेजपत्ता : सब्जियों में तेजपत्ता का उपयोग सदियों से करते आ रहे हैं। पेट की समस्याओं के मामले में तेजपत्ता बड़े काम की चीज है। यह पित्तनाशक है और पाचन को सही रखता है। अमूमन सब्जियों में ही इसका उपयोग हम करते हैं, लेकिन इसे पीसकर पाउडर के रूप में भी सेवन कर सकते हैं। आधा छोटा चम्मच तेजपत्ता पाउडर पानी के साथ खाना खाने के बीच में या 10 मिनट बाद भी ले सकते हैं।
तुलसी का पत्ता : एसिडिटी में तुलसी का पत्ता भी राहत देता है। यह अल्सर से पेट को बचाता है और पाचन ठीक करने में भी मदद करता है। रोजाना 3 से 4 तुलसी के पत्ते खाने से पेट हमेशा दुरुस्त रहेगा। पानी में इसे उबालकर लेने से भी फायदा होता है।
- Advertisement -