-
Advertisement
![](https://himachalabhiabhi.com/wp-content/uploads/2020/04/dfgsgdrdtft.jpg)
Ayodhya: हनुमान जयंती पर श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का Logo जारी, जानें डीटेल
अयोध्या। श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (Shri Ram Janma Bhoomi Teerth Kshetra Trust) का लोगो (logo) जारी कर दिया गया है। हनुमान जयंती के मौके पर जारी किए गए इस लोगो में धनुषधारी प्रभु राम के चित्र को केंद्र में रखा गया है। सूर्यवंशी रामलला के स्वरूप को दर्शाते हुए लाल और पीले रंग की लपटें यानी सूर्य को इंगित करती हैं। जहां भगवान राम का सौम्य छवि से युक्त चित्र श्रद्धालुओं को अभय प्रदान करने वाला है, वहीं वलयाकार ऊपरी परिधि पर अंकित श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र लोगो की पहचान पूरी करता है। साथ ही प्रभु राम के परमभक्त बजरंगी बली को भी इस लोगो में स्थान मिला है। वहीँ आधार पर रामो विग्रहवान धर्म: अंकित है। यानी राम धर्म का साकार रूप हैं।
यह भी पढ़ें: Supreme Court के आदेश: निजी लैब में कोरोना की जांच के नहीं लगेंगे 4500 रुपए
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा- लोगो के केंद्र में धनुषधारी प्रभु राम का चित्र है। जबकि, साइड में हनुमानजी हैं। प्रभु राम व हनुमान जी हमारी सदैव रक्षा करेंगे। श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से अब इसी लोगो का इस्तेमाल सभी पत्र और प्रपत्रों पर होगा। ट्रस्ट की पहचान के तौर पर लेटर हेड और अन्य जरूरी चीजों और कागजातों पर इसी लोगो का अंकन होगा। बता दें कि कोरोना संकट से निपटने के लिए सोमवार को राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 11लाख रुपये का चेक पीएम मोदी के ‘इमर्जेंसी फंड’ में दान किया है। ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय के मुताबिक कोरोना का संकट समाप्त होते ही मंदिर निर्माण प्रारंभ हो जाएगा। देश और जीवन की रक्षा हमारा पहला उद्देश्य है।