- Advertisement -
नई दिल्ली। जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार, सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, आरएलएसपी चीफ उपेंद्र कुशवाहा, राजस्थान के सीएम अशोक गहलौत के पुत्र वैभव गहलौत और मध्य प्रदेश के सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ की सियासी किस्मत आज ईवीएम में कैद हो जाएगी। वहीं इसी चरण में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं गिरिराज सिंह के राजनीतिक भविष्य का फैसला भी हो जाएगा। करीब 12.80 करोड़ मतदाता सियासी समर में उतरे दिग्गजों की किस्मत का फैसला करेंगे। वोटिंग सुबह सात बजे से ही शुरू हो गई है।
चौथे चरण में 9 राज्यों की 71 सीटों पर वोटिंग हो रही है। ये राज्य हैं- बिहार (5), जम्मू और कश्मीर (1), झारखंड (3), मध्य प्रदेश (6), महाराष्ट्र (17), ओडिशा (6), राजस्थान (13), उत्तर प्रदेश (13) और पश्चिम बंगाल (8)। इन 71 में से 37 सीटें ऐसी हैं, जहां रेड अलर्ट घोषित किया गया है, यानी इन सीटों पर 3 से ज्यादा प्रत्याशियों ने अपने ऊपर आपराधिक मामलों की घोषणा की है। इस चरण में कुल 943 उम्मीदवार मैदान में हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण की वोटिंग 19 मई को होगी और सभी 543 सीटों का परिणाम 23 मई, गुरुवार को घोषित किया जाएगा। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटर्स के पास अपने मताधिकार को इस्तेमाल कर सकते हैं।
- Advertisement -