- Advertisement -
श्रीनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी लद्दाख के लेह में तिरंगा (Tiranga) फहरा सकते हैं। भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि पा चुके धोनी इस समय टेरिटोरियल आर्मी के साथ जम्मू कश्मीर (Jammu-Kashmir) में ड्यूटी पर हैं। धोनी ने टेरिटोरियल आर्मी में काम करने के लिए क्रिकेट से दो महीने का आराम ले रखा है। उन्होंने 30 जुलाई को ड्यूटी संभाली थी और वे 15 अगस्त तक अपनी बटालियन के साथ लेह में रहेंगे।
सेना के एक अधिकरी ने कहा, ‘धोनी भारतीय सेना के ब्रांड एंबेसडर हैं। वह अपनी यूनिट के सदस्यों को प्रेरित करने में लगे हुए हैं और अक्सर सैनिकों के साथ फुटबॉल और वॉलीबॉल खेलते हैं। वह कोर के साथ अभ्यास भी कर रहे हैं। वह 15 अगस्त तक घाटी में तब तक रहेंगे।’ हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि धोनी 15 अगस्त को किस स्थान पर तिरंगा फहराएंगे।
धोनी 106 टेरिटोरियल आर्मी बटालियन पैरा कमांडो यूनिट में तैनात हैं। अवंतीपोरा में प्रशिक्षण के दौरान दैनिक कार्यों से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया (Social media) पर वायरल हुए हैं। ड्यूटी के दौरान वह जवानों का हौसला भी बढ़ाते देखे जा रहे हैं। वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के सेमीफाइनल से बाहर होने के बाद धोनी के संन्यास की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि धोनी ने पहले ही बता दिया था कि वह वेस्टइंडीज दौरे पर टीम के साथ नहीं जाएंगे। सैन्य ट्रेनिंग में शामिल होने के लिए उन्होंने सेनाध्यक्ष विपिन रावत से अनुमति भी ली थी।
- Advertisement -