- Advertisement -
कोलकाता। यहां स्थित माझेरहाट फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिरने से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कहना है कि पहले बचाव कार्य किया जाएगा, बाद में हादसे के कारणों की जांच की जाएगी। वहीं राज्य मंत्री फरहद हकीम ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सबसे अहम है घटनास्थल पर बचाव कार्य शुरू करना और यह सुनिश्चित करना कि सभी लोग सुरक्षित रहें। उत्तर बंगाल से आने वाले लोगों के लिए अब कोई रास्ता नहीं है। बता दें कि बागडोगरा से उड़ान की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता सभी को सुरक्षित निकालने की है। सभी फोर्सेस को तैनात कर दिया गया है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक पश्चिम बंगाल के दक्षिण कोलकाता में मंगलवार को माझेरहाट ब्रिज अचानक गिर गया। इस हादसे में कई वाहन चकनाचूर हो गए। सड़क पर भी गहरे गड्ढ़े बन गए हैं। मलबे में दबे हुए वाहनों को निकालने की कोशिश की जा रही है।
- Advertisement -