- Advertisement -
नई दिल्ली।गर्लफ्रेंड ने फिल्म ‘उड़ी’ देखते हुए युवक से कहा कि तुम्हारी पर्सनैलिटी विहानसिंह शेरगिल जैसी है। इतना सुनते ही अगले दिन ठग ने 800 रुपए में सेना की वर्दी खरीदी और उस पर मेजर विहान सिंह शेरगिल की नेम प्लेट लगा ली। अब तक करीब 20 लोगों को लाखों का चूना लगाने वाले इस फर्जी कैप्टन को पुलिस ने इंदौर में दबोचा है। फिल्म ‘उड़ी’ के हीरो विक्की कौशल ने मेजर विहान सिंह का रोल किया था।
शुभमकांत चतुर्वेदी उर्फ रुद्राक्ष उर्फ मेजर विहानसिंह शेरगिल की पर्सनैलिटी से प्रभावित होकर इंजीनियरिंग और मेडिकल की छात्राओं सहित 15 युवतियों ने उससे दोस्ती कर ली थी। शुभम उनके साथ मॉल, सिनेमा घरों में डेटिंग करता था। महंगे गिफ्ट और ज्वेलरी देता था। एक फिजियोथैरेपिस्ट से तो रिश्ता भी तय कर लिया था। उसके परिजन शादी की तैयारियों में जुटे थे।
शुभम के विरुद्ध एक प्रोफेसर से 35 हजार रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। उससे सेना की वह वर्दी भी बरामद की गई है, जिस पर विहानसिंह शेरगिल के नाम की पट्टी लगी हुई है। शुभम दो साल से फर्जी कैप्टन-मेजर बनकर धोखाधड़ी कर रहा था। धोखाधड़ी के बाद मोबाइल नंबर बदल लेता था। लड़कियों को शक होने पर उनसे बोलता था कि सेना उसकी निगरानी करती है। बार-बार युद्ध में जाना पड़ता है। वह आर्मी कैंटीन से सस्ते चश्मे, कार और बाइक दिलाने का झांसा देकर खातों में रुपए जमा करवा लेता था।
- Advertisement -