- Advertisement -
रोहतांग। मनाली से करीब 40 किलोमीटर दूर राहनी नाला के पास भू-स्खलन होने से एनएच-3 मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध हो गया। मार्ग अवरुद्ध होने से पर्यटन दर्रे में लगभग 150 वाहन फंसे होने की खबर है। मंगलवार से हो रही तेज बारिश के कारण रोहतांग दर्रे के पास राहनी-नाला में भू-स्खलन अभी भी जारी है, जिससे एनएच-3 पर दोनों ओर से आने वाले पर्यटकों के वाहनों के साथ सब्जियों से लदे वाहन भी फंसे हुए हैं। साथ ही एचआरटीसी की बस भी फंसे होने की सूचना है। इसमें सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं,जिन्होंने रात किसी तरह वहीं गुजारी।
मनाली जा रहे पर्यटक दीपक बिष्ट, सावन गुरुंग, सीता गुरुंग, ईशान गुरुंग, आरती, अनिका, आरनव ने फोन पर बताया कि मंगलवार शाम करीब 3:30 बजे भू-स्खलन हुआ है। इससे सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी पर्यटकों को मंगलवार रात भूखे अपनी-अपनी गाड़ियों में ही गुजारनी पड़ी है। उधर, सीमा पर संगठन के कमांडर कर्नल एके अवस्थी को भी इस बारे में सूचित कर दिया गया है। कर्नल ने बताया कि उनकी और से कोशिश की जा रही है और भू-स्खलन की जानकारी मिलते ही बीआरओ ने मशीनरी को मौके के लिए रवाना कर दिया है। उन्होंने कहा कि दोपहर तक मार्ग को बहाल कर लिया जाएगा।
- Advertisement -