- Advertisement -
मंडी। हिमाचल की मंडी सीट (Mandi Seat) से सांसद और बीजेपी (BJP) उम्मीदवार रामस्वरूप शर्मा (Ram Sawroop Sharma) की चल-अचल संपत्ति में पिछले 5 साल के दौरान करीब 38 लाख रुपए से ज्यादा का इजाफा हुआ है। उनकी धर्मपत्नी की संपत्ति में भी करीब 17 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है। यह जानकारी बुधवार को रामस्वरूप शर्मा के नामांकन के दौरान चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में सामने आई है। हलफनामे में शर्मा ने अपनी शिक्षा 10वीं और उम्र 60 साल बताई है।
2014 में सांसद के पास 2,05,555 रुपए की चल संपत्ति थी। पांच साल बाद वर्ष 2019 में यह संपत्ति करीब 28,33,538 रुपये की हो गई है। चल संपत्ति में ही 26,27,983 रुपये बढ़ोतरी हुई है। अचल संपत्ति पिछले लोकसभा चुनावों (Lok Sabha Election) के दौरान 50 लाख थी, अब वह 62 लाख के करीब हो चुकी है। 12 लाख अचल संपत्ति बढ़ी है। वहीं, उनकी कुल संपत्ति में 38 लाख बढ़ोतरी हुई है। उनकी पत्नी के पास 2014 में 19,73,316 रुपये की चल संपत्ति थी, अब वह 28,90,799 हो गई है। जबकि 2014 के लोकसभा चुनाव में उनकी अचल संपत्ति 30 लाख थी। वर्तमान अचल संपत्ति 38 लाख हो गई है। अचल संपत्ति में आठ लाख जबकि चल संपत्ति में 9.17 लाख बढ़ोतरी हुई है। कुल चल व अचल संपत्ति में 17.17 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
शपथ पत्र के अनुसार उनके पास कैश 40 हजार रुपये है। जबकि उनकी धर्मपत्नी के पास 50 हजार रुपये है। उनके पास तीन सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन समेत कुल 40 ग्राम सोना है। इसकी कीमत करीब 1.32 लाख रुपये है। उनकी पत्नी के पास 100 ग्राम सोना है। इसकी कीमत करीब 3.30 लाख है।
सांसद के एक बैंक खाते में कोई पैसा नहीं है। दूसरे खाते में 300 रुपए रुपये हैं। दिल्ली के बैंक खाते में करीब 6 लाख रुपये उपलब्ध है। पत्नी के बैंक खातों में लाखों में राशि मौजूद है। रामस्वरूप शर्मा के पास एक बंदूक भी है। इसकी कीमत उन्होंने 25 हजार रुपये दर्शाई है। रामस्वरूप शर्मा पर करीब तीन लाख रुपये का लोन है। पत्नी को भी 4.75 लाख रुपये का लोन चुकता करना है।
- Advertisement -