- Advertisement -
मंडी। जिला के दो साहसी युवकों ने चंडीगढ़ (Chandigarh) में एक महिला की जान बचाई है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही इन दोनों युवकों ने झील में डूब रही महिला को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। यह दोनों युवक राकेश राणा और हेम ठाकुर मंडी (Mandi) जिला के जोगिंद्रनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत त्रयाम्बली के रहने वाले हैं और चंडीगढ़ में प्राइवेट जॉब करते हैं। चंडीगढ़ से दूरभाष पर राकेश राणा ने बताया कि वह अपने मित्र हेम ठाकुर के साथ रोजाना की तरह शुक्रवार को भी सुबह की सैर के लिए धनास झील के किनारे गए हुए थे।
यह झील सेक्टर 14 में पंजाब यूनिवर्सिटी (Punjab University) के पास है। सैर करने के बाद यह दोनों व्यायाम कर रहे थे। इतने में झील के दूसरी तरफ से एक महिला अचानक झील में डूब गई। इन्होंने तुरंत झील के दूसरी तरफ पहुंचकर डूब रही (Drowning) महिला को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। झील में दलदल अधिक थी इसलिए पानी में छलांग लगाना बेवकूफी हो सकती थी।
राकेश राणा ने साहस दिखाते हुए झील के किनारे वाली झाड़ियों का सहारा लेकर झील में उतरने की कोशिश की। इतने में हेम ठाकुर ने राकेश को सहारा देकर उसकी मदद की। वहीं, मौके पर मौजूद वन विभाग का एक माली बांस का लंबा डंडा लेकर आ गया। उसने यह डंडा राकेश राणा को पकड़ाया। राकेश ने डंडा पकड़कर डूब रही महिला की तरफ फैंका। महिला ने पहले ही झटके में डंडे को पकड़ लिया और इसी के सहारे कड़ी मशक्कत से महिला (Woman) को बाहर निकाला जा सका। इतने में मौके पर मौजूद लोगों ने सारंगपुर पुलिस थाना को भी इसकी सूचना दे दी।
इलाके के तीन क्षेत्रों की पुलिस एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर तो पहुंची, लेकिन इतने में महिला को दोनों साहसी युवकों की मदद से बाहर निकाला जा चुका था। वहीं, महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे घर भेज दिया गया। पुलिस ने इन दोनों युवकों का इस साहसिक कारनामे के लिए आभार भी जताया है। बताया जा रहा है कि उक्त महिला मानसिक रूप से परेशान है। चंडीगढ़ के समाचार पत्रों ने इन युवकों के इस साहसिक कारनामे को प्रमुखता से प्रकाशित किया है।
- Advertisement -