- Advertisement -
नाहन। जिला सिरमौर की बेटियां हर क्षेत्र में डंका बजा रही हैं। शिक्षा का क्षेत्र हो चाहे खेल या फिर प्रतियोगी परीक्षा। हर क्षेत्र में इलाके के साथ-साथ बेटियां सिरमौर का भी नाम रोशन कर रही हैं। धारटीधार इलाके के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल छछेती की छात्रा मनीषा ठाकुर का चयन राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 28-31 जनवरी तक कर्नाटक में होगी। मनीषा ठाकुर की इस उपलब्धि पर पूरे स्कूल और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शकील ने बताया कि कर्नाटक में होने वाली राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में इस स्कूल की छात्रा मनीषा ठाकुर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए मनीषा ठाकुर अपनी तैयारियां पूर्ण कर चुकी हैं।
उधर, राजगढ़ इलाके के राजकीय माध्यमिक पाठशाला चब्योगा की छात्रा सुहानी का चयन अंडर-14 वर्ग में नेशनल योगा (आर्टिस्टिक) प्रतियोगिता के लिए हुआ है। योगा आर्टिस्टिक की राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 29 जनवरी से 2 फरवरी तक औरंगाबाद (महाराष्ट्र) में किया जाएगा। सुहानी प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेगी। विद्यालय के मुख्याध्यापक दिनेश कुमार ने बताया कि सुहानी प्रतियोगिता से पूर्व दून पब्लिक स्कूल बरोटीवाला में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए रवाना हो चुकी है। उसके चयन से समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
- Advertisement -