- Advertisement -
BJP Party: नाहन। विधानसभा चुनावों के नजदीक आते ही पार्टी बदलने का दौर भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में आज नाहन विधानसभा क्षेत्र की कोलर पंचायत में सत्ता परिवर्तन यात्रा के दौरान विधायक डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में कांग्रेस के अनेक नेताओं ने बीजेपी का दामन थामा है, जिसमें कोलर पंचायत के पूर्व प्रधान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कली राम, कोलर की पूर्व प्रधान, समाज सेविका अमर कांता, फोरेस्ट से रेंज ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राम चंद्र, पूर्व बीडीसी सदस्य कांग्रेस के नेता श्रवण सिंह, पूर्व पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेत्री सुनीता देवी, हेड कांस्टेबल के पद से सेवानिवृत्त रणजीत सिंह, युवा कांग्रेस के नेता कमलजीत सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता शिव चरण ने अपने परिवारजनों और अपने सभी समर्थकों के साथ बीजेपी का दामन थामा लिया है।
विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए कहा है कि पूरे प्रदेश में लगातार कांग्रेस का कुनबा हिलता नजर आ रहा है। कांग्रेस के कई नेता भ्रष्ट कांग्रेस को छोड़ पीएम मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार से उसके खुद के कार्यकर्ता नाराज होकर कांग्रेस पार्टी को छोड़ कर जा रहे हैं और आने वाले समय में प्रदेश के अनेक नेता कांग्रेस छोड़कर जाने के लिए तैयार हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि बीजेपी का परिवार निरंतर बढ़ रहा है। बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और बीजेपी के मूलमंत्र सबका साथ सबका विकास के साथ देश का हर नागरिक चलना चाहता है।
बीजेपी में शामिल हुए सभी लोगों ने कहा कि वह सब कांग्रेस पार्टी में घुटन महसूस कर रहे थे और उन्हें कांग्रेंस पार्टी के भ्रष्ट दलदल से बाहर निकलना था। उन्होंने कहा कि बीजेपी की मोदी सरकार को बने हुए 3 साल का समय हो चुका है और आज तक सरकार पर कोई दाग नहीं लगा है। कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रधानों ने कहा कि उन्हें बीजेपी परिवार में शामिल होने पर गर्व महसूस हो रहा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार व पूरी कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी हुई है, जिस पार्टी का मुखिया ही भ्रष्टाचार के मामले में रोज कोर्ट और वकीलों के चक्कर काट रहा है तो कांग्रेस पार्टी का तो क्या हाल होगा इसका अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता।
- Advertisement -