-
Advertisement
#Himachal में कल खुले रहेंगे बाजार, व्यापार मंडल भारत बंद में नहीं लेगा हिस्सा
Last Updated on December 7, 2020 by Vishal Rana
ऊना। किसान यूनियनों (Farmer Unions) के भारत बंद के दौरान कल यानी 8 दिसंबर को हिमाचल में बाजार खुले रहेंगे। हिमाचल व्यापार मंडल (Himachal Vyapar Mandal) भारत बंद में हिस्सा नहीं लेगा। यह जानकारी हिमाचल व्यापार मंडल के राज्य अध्यक्ष सुमेश शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्यापारिक संस्थान खुले रहेंगे। भारत बंद में व्यापार मंडल शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान हमारे बड़े भाई हैं और हम उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक बंद को लेकर स्थिति है तो कोरोना लॉकडाउन (Corona Lockdown) के दौरान लगातार तीन महीने तक बाजार पहले ही बंद रहे हैं। ऐसे में इस समय बंद करना संभव नहीं। उन्होंने कहा कि किसानों को पूरा समर्थन है, उनकी मांगों पर सरकार को विचार करना चाहिए और जो शंकाएं किसानों की हैं, उनको दूर किया जाना चाहिए। सुमेश शर्मा ने कहा कि किसी भी किसान संगठन ने अखिल भारतीय व्यापार मंडल के साथ बंद को लेकर किसी भी प्रकार की बातचीत नहीं की है, ऐसे में भारत बंद में व्यापार मंडल का शामिल होना संभव नहीं है।
यह भी पढ़ें: #BharatBandh: कल चलेंगी निजी बसें या नहीं, Operators ने क्या लिया फैसला- जानिए
उन्होंने कहा कि हम किसानों के साथ हैं और किसानों की जो न्याय संगत मांगे हैं निश्चित रूप से उन्हें पूरा किया जाना चाहिए। केंद्र सरकार (Central Government) को गंभीरता से उस पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग भी किसान से जुड़ा हुआ है और इसलिए किसानों की मांगों पर हम उनके साथ हैं। सुमेश शर्मा ने कहा कि व्यापार मंडल के आला पदाधिकारियों के साथ और सभी व्यापारियों के साथ चर्चा के बाद यह तय हुआ है कि व्यापार मंडल भारत बंद में हिस्सा नहीं लेगा और हिमाचल में कल बाजार खुले रहेंगे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group