- Advertisement -
नूरपुर। शहर की एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस संबंध में नूरपुर पुलिस ने विवाहिता के मायके वालों की शिकायत पर ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाहिता स्वास्थ्य विभाग के सुखार क्षेत्र के एक स्वास्थ्य केंद्र में अपनी ड्यूटी देने गई थी। इस दौरान विवाहिता को रास्ते में कुछ लोगों ने अचेत अवस्था में पड़ी हुई देखा, तो लोगों ने इसकी सूचना उसके गनोह स्थित मायके पक्ष को दी।
मायके पक्ष वाले उसे पठानकोट स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां उसने कई घंटे जिंदगी से जंग लड़ी, लेकिन वह अपनी लड़ाई जीत न पाई और उसकी मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस ने विवाहिता के पति,ससुर और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। जहां शनिवार को विवाहिता का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अतिरिक्त डीएसपी ज्ञान चंद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू पर गहराई से इसकी छानबीन की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।
- Advertisement -