- Advertisement -
पंजाब के पटियाला में हुई हिंसा के मास्टमाइंड बरजिंदर सिंह परवाना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि परवाना विस्तारा फ्लाइट के जरिए मुंबई से सुबह 7.20 बजे मोहाली पहुंचा था। यहां CIA की टीम ने एयरपोर्ट से उसे गिरफ्तार कर लिया। पटियाला में खालिस्तान विरोधी रैली के दौरान शुक्रवार को दो समूहों के बीच झड़प हो गई थी। उस दौरान करीब 4 लोग घायल हो गए थे।
पुलिस ने शनिवार को कहा था कि बरजिंदर सिंह परवाना की पहचान मुख्य आरोपी और शुक्रवार की घटना के मास्टरमाइंड के रूप में हुई है। पंजाब पुलिस ने शनिवार को खालिस्तान विरोधी मार्च को लेकर हुई झड़प में कथित रूप से शामिल दो और लोगों को गिरफ्तार किया और घटना के पीछे आपराधिक पृष्ठभूमि वाले राजपुरा निवासी की पहचान की थी। पुलिस ने दलजीत सिंह और कुलदीप सिंह के रूप में पहचाने गए दो और आरोपियों की गिरफ्तारी की थी। शुक्रवार की झड़प के कुछ घंटे बाद पुलिस ने बिना अनुमति के जुलूस निकालने और हिंसा भड़काने के आरोप में हरीश सिंगला को गिरफ्तार किया था। पटियाला हिंसा मामले में अब तक 6 FIR दर्ज हो चुकी हैं। वहीं, 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
- Advertisement -