- Advertisement -
गफूर खान/धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला भी अब फर्जी गरीबों की पहचान करने में लग गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों की तर्ज पर निगम के दायरे में रहने वाले बीपीएल परिवारों के घरों के बाहर भी बीपीएल की पट्टिकाएं लगाई जा रही हैं। इस कार्य की शुरुआत नगर निगम की मेयर और खनियारा वार्ड की पार्षद रजनी व्यास ने अपने ही वार्ड से की है। अक्टूबर माह में हुई नगर निगम की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया था।
नगर निगम की इस मुहिम से जहां फर्जी गरीबों की पहचान हो पाएगी, वहीं पात्रों को बीपीएल सूची में शामिल होने का मौका मिलेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसारनगर निगम धर्मशाला के 17वार्डों में 1269 बीपीएल परिवार हैं, इनमें से कितने पात्र हैं और कितने अपात्र, इसकी जानकारी नगर निगम को नहीं है। ऐसे में अब नगर निगम बीपीएल परिवारों के घरों के बाहर पट्टिकाएं लगाएगी।
गौरतलब है कि पंचायतों में बीपीएल परिवारों के घरों के बाहर परिवार के मुखिया सहित अन्य जानकारियां लिखने का कार्य शुरू होने के बाद कई फर्जी गरीबों का भंडाफोड़ हुआ था जो कि साधन संपन्न होने के बावजूद बीपीएल सूची में नाम दर्ज करवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे थे। ऐसी शिकायतें सरकार व विभाग को मिलने के बाद सरकार ने बीपीएल परिवारों के घरों के बाहर संबंधित परिवारों की जानकारी लिखने की मुहिम शुरू की थी। इस मुहिम के सार्थक परिणाम भी सामने आएए जिसके चलते कई लोगों ने अपने नाम बीपीएल सूची से कटवाए, लेकिन कई लोग अपात्र होने के बावजूद बीपीएल का लाभ ले रहे हैं।
पात्रों को बीपीएल की सुविधाएं व लाभ मिले, इसी के चलते नगर निगम धर्मशाला अब बीपीएल परिवारों के घरों के बाहर पट्टिकाएं लगा रहा है। अक्टूबर माह में इसकी रूपरेखा तैयार की गई थी और अब इसका जिम्मा ठेकेदार को दिया गया है। नगर निगम धर्मशाला की मेयर रजनी व्यास ने बताया कि इस महत्वपूर्ण योजना की शुरुआत उन्होंने अपने ही वार्ड से की है ताकि बाकि वार्डों के लोगों में एक सही सन्देश जा सके और इस योजना के पूरा होने में भी संशय न रहे। उनका कहना है कि वार्ड नम्बर 15 और 16 में यह काम शुरू कर दिया गया है। निगम के सभी वार्डों में यह काम किया जाएगा। निगम में 1269 परिवार हैं जो कि बीपीएल सूची में शामिल हैं। इनमें से कुछ परिवारों ने साधन सम्पन्न होने के बाद बीपीएल सूची से नाम कटवाने के लिए भी निगम के पास आवेदन किया है। व्यास ने बीपीएल सूची में शामिल लोगों से भी अपील की है कि जो लोग साधन सम्पन्न हो चुके हैं वह स्वेच्छा से इस सूची से हट जाएं ताकि अन्य पात्र लोगों को सूचि में स्थान मिल सके।
- Advertisement -