- Advertisement -
नई दिल्ली। करीब आठ साल बाद ऐसा पहली बार हो रहा है कि देश में एक साथ दो चक्रवाती तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। अरब सागर से जहां लूबान नाम के चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है तो बंगाल की खाड़ी से तितली कहर बरपाने को तैयार है।
मौसम विभाग के अनुसार, सबसे ज्यादा खतरा तितली से है। इसके अगले 24 घंटे में और ताकतवर होने की आशंका है। चक्रवाती तूफान बनने के बाद यह बंगाल की खाड़ी के तटवर्ती क्षेत्र ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर पूर्वी राज्यों के साथ बांग्लादेश को निशाना बनाएगा। तितली के तट से टकराने के बाद हवाओं की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर तक पहुंचने की संभावना है। मछुआरों को अलर्ट कर दिया गया है और उन्हें गहरे समुद्र में न जाने को कहा गया है। तूफान के असर से यूपी, बिहार में भी बारिश हो सकती है।
अरब सागर में चक्रवाती तूफान ‘लूबान’ ओमान की तरफ बढ़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 72 घंटों तक ओडिशा, आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल और नॉर्थ ईस्ट में भारी बारिश होने का अनुमान है। मछुआरों को अगले 72 घंटे तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।
- Advertisement -