- Advertisement -
शिमला। प्रदेश में बुधवार से बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग ने छह और सात नवंबर को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने आठ नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान लगाया है। वहीं, सात और आठ नवंबर को धर्मशाला में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के दौरान भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते ही मौसम में इस तरह से बदलाव आया है। मौसम विभाग ने नौ नवंबर के बाद प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।
वहीं बर्फबारी के चलते बंद हुआ रोहतांग दर्रा तीन दिनों बाद बहाल हो गया है। बीआरओ ने मंगलवार सुबह रोहतांग दर्रे को वाहनों के ही बहाल कर दिया। हालांकि बीआरओ ने सोमवार देर शाम को ही मार्ग से बर्फ को हटा दिया था, लेकिन सड़क पर फिसलन को देखते हुए वाहनों को मंगलवार सुबह ही आवाजाही की अनुमति दी गई। मार्ग खुलते ही पर्यटनों ने रोहतांग का रुख किया जिसके चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया। मंगलवार को कोकसर की ओर से शाम पांच बजे तक 90 वाहन मनाली के लिए भेजे गए। जबकि मनाली की ओर से भी दोपहर बाद 80 वाहन कोकसर पहुंचे। रोहतांग दर्रा यातायात के लिए बहाल होते ही केलांग डिपो की दो बसें भी यात्रियों को लेकर आर-पार हुईं।
- Advertisement -