- Advertisement -
शिमला। जयराम सरकार में आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को दिल्ली में सर्वश्रेष्ठ मंत्री पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार उन्हें फेम इंडिया पत्रिका द्वारा नई दिल्ली में शनिवार को आयोजित भव्य सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडे ने उन्हें यह पुरस्कार दिया। डॉ. पांडे ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री को पुरस्कार की बधाई दी तथा आशा जताई कि वह भविष्य में भी निष्ठा से प्रदेश की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने प्रतिवर्ष इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए आयोजकों द्वारा किए जाने वाले प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन और बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रेरित करते हैं।
महेंद्र सिंह ठाकुर ने सम्मान के लिए आयोजकों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि वह प्रदेशवासियों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर सांसद डा. किरित पी. सोलंकी और सबीर अली ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। फेम इंडिया के निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी यूएस सौंथालिया ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और बताया कि सभी राज्यों में विभिन्न मानकों के आधार पर सर्वेक्षण किया गया और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। द फ्रंट के संस्थापक राणा यशवंत और एशियन विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संदीप मरवाहा ने भी पुरस्कार समारोह के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर अरूणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र, बिहार तथा सिक्किम के मंत्री भी पुरस्कार प्राप्त किए।
- Advertisement -