- Advertisement -
शिमला। ठियोग के देहा से लापता (Missing) हुए शुभम का पुलिस डेढ़ माह बाद भी पता नहीं लगा पाई है। शुभम के इंतजार में अब उसके माता-पिता के आंसू भी सूख गए हैं। लाचार परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इस मामले की सीबीआई (CBI) से जांच करवाने की मांग की है। वहीं परिजनों ने जल्द न्याय न मिलने पर पंचायत के लोगों के साथ सड़कों पर उतरने की सरकार को चेतावनी दी है। परिजनों का कहना है कि वह मामले को लेकर हाईकोर्ट (High Court) का दरवाजा भी खटखटाएंगे। परिजनों का कहना है कि शुभम एक गरीब परिवार का बेटा है। जिसके चलते पुलिस जांच धीमी है। अगर वह किसी रसूखदार का बेटा होता तो पुलिस इस तरह से जांच नहीं करती।
बता दें कि शुभम पिछले डेढ़ महीने से लापता (Missing) है। शुभम डेढ़ महीने पहले अपने दोस्त पुनीत के साथ घर से बाहर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने शुभम के लापता होने के पीछे पुनीत का हाथ होने की शंका जाहिर की है। शुभम देहा के धरकालना के जंगलों से लापता हुआ था। हालांकि पुलिस पिछले डेढ़ महीने से देहा के जंगलों में शुभम को तलाश कर रही है। लेकिन, अभी तक शुभम का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजनों ने शुभम के गायब होने के पीछे नशा माफिया के तार होने की भी शंका जाहिर की है। परिजनों ने कहा कि शुभम को शायद नशा माफिया के कुछ राज पता चल गए होंगे। इसलिए शुभम को गायब किया गया है। शुभम के परिजनों ने जल्द न्याय न मिलने पर स्थानीय पंचायत के लोगों के साथ सड़कों पर उतरने की सरकार को चेतावनी दी है। परिजन मामले को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे।
- Advertisement -