-
Advertisement
पार्टी पर लगातार उंगली उठाने वाली MLA Aditi Singh कांग्रेस से निलंबित, किया था ये ट्वीट
Last Updated on May 21, 2020 by
लखनऊ। अपनी ही पार्टी पर लगातार उंगली उठाने और मोदी व योगी सरकार के कार्यों की सराहना करने वाली विधायक अदिति सिंह को कांग्रेस (Congress) ने पार्टी से निलंबित कर दिया है। दरअसल, रायबरेली सदर क्षेत्र की युवा विधायक अदिति सिंह (MLA Aditi Singh) ने कांग्रेस के प्रवासी कामगारों की मदद करने के लिए बसों का बेड़ा लगाने के मामले में कांग्रेस पर सवाल उठाए थे। कांग्रेस नेअदिति सिंह के इस कृत्य को अनुशासनहीनता मानते हुए आदिति सिंह को पार्टी से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कार्रवाई हुई है। कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की आलोचना करते हुए कहा था कि संकट के समय निम्न स्तर की राजनीति की क्या आवश्यकता थी। कांग्रेस ने इसे गंभीरता से लेते हुए विधायक अदिति सिंह को पार्टी की महिला विंग के महासचिव पद से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आपदा के वक्त ऐसी निम्न सियासत की क्या जरूरत,एक हजार बसों की सूची भेजी, उसमें भी आधी से ज्यादा बसों का फर्जीवाड़ा, 297 कबाड़ बसें, 98 आटो रिक्शा व एबुंलेंस जैसी गाड़ियां, 68 वाहन बिना कागजात के, ये कैसा क्रूर मजाक है, अगर बसें थीं तो राजस्थान,पंजाब, महाराष्ट्र में क्यूं नहीं लगाई।
— Aditi Singh (@AditiSinghRBL) May 20, 2020
अदिति सिंह ने बस विवाद पर कांग्रेस को घेरा था, सीएम योगी की तारीफ की
कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने ट्वीट (Tweet) में लिखा कि आपदा के वक्त ऐसी निम्न सियासत की क्या जरूरत। कांग्रेस ने कामगार व श्रमिकों की मदद के लिए एक हजार बसों की सूची भेजी, उसमें भी आधी से ज्यादा बसों का फर्जीवाड़ा, 297 कबाड़ बसें, 98 ऑटो रिक्शा व एबुंलेंस जैसी गाड़ियां, 68 वाहन बिना कागजात के, ये कैसा क्रूर मजाक है, अगर बसें थीं तो राजस्थान, पंजाब, महाराष्ट्र में क्यूं नहीं लगाई। अदिति सिंह ने कांग्रेस की नीयत पर ही सवाल उठाये। अदिति सिंह लंबे समय से कांग्रेस विरोधी गतिविधियों (Anti congress activities) में शामिल रही हैं। पिछले साल पार्टी व्हिप का उल्लंघन करते हुये अदिति विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होने पहुंची थीं। इसके बाद उन्हें पार्टी की तरफ से कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। कश्मीर से धारा 370 हटाने के मसले पर भी अदिति ने कांग्रेस से अलग अपना पक्ष रखा था। कोरोना वॉरियर्स के लिए पीएम मोदी की अपील पर भी उन्होंने दीये जलाये थे।
कोटा में जब UP के हजारों बच्चे फंसे थे तब कहां थीं ये तथाकथित बसें, तब कांग्रेस सरकार इन बच्चों को घर तक तो छोड़िए,बार्डर तक ना छोड़ पाई,तब श्री @myogiadityanath जी ने रातों रात बसें लगाकर इन बच्चों को घर पहुंचाया, खुद राजस्थान के सीएम ने भी इसकी तारीफ की थी।
— Aditi Singh (@AditiSinghRBL) May 20, 2020
गांधी परिवार की करीबी और रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह ने योगी आदित्यनाथ सरकार के रुख का समर्थन करते हुए कोटा को लेकर भी सवाल उठाया है। ट्वीट में अदिति ने लिखा कि कोटा में जब प्रदेश हजारों बच्चे फंसे थे तब कहां थीं ये तथाकथित बसें, तब कांग्रेस सरकार इन बच्चों को घर तक तो छोड़िए, बॉर्डर तक ना छोड़ पाई, तब योगी अदित्यनाथ जी ने रातों-रात बसें लगाकर इन बच्चों को घर पहुंचाया। दबंग विधायक स्वर्गीय अखिलेश सिंह की बेटी अदिति सिंह 2017 में पहली बार विधायक निर्वाचित हुईं। युवा विधायक अदिति सिंह अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं और गांधी परिवार के भी बेहद करीब हैं। पार्टी से निलंबित करने से पहले भी बीते वर्ष नवंबर में विधानसभा सदस्यता समाप्त करने का भी नोटिस दिया गया था। बीते वर्ष ही पंजाब से कांग्रेस के विधायक अंगद सैनी से अदिति सिंह का विवाह हुआ था।