- Advertisement -
शिमला। मोबाइल टावर के काम में जुटे दो लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हादसा करंट लगने से हुआ है। दोनों घायलों को उपचार के लिए चौपाल में ले जाया गया है। हादसा ठियोग के तहत आते चंबी के समीप हलीधार में हुआ है। जानकारी के मुताबिक हलीधार में एक मोबाइल कंपनी का टावर खड़ा किया जा रहा था। इस दौरान पोल बिजली की तारों को छू गया। इससे काम करने वाले मजदूर झुलस गए और इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। पुलिस के मुताबिक हादसे में मारे गए दोनों लोगों की पहचान हो गई है। इनमें एक प्रदीप सिंह जम्मू कश्मीर के उधमपुर का रहने वाला था, जबकि दूसरे व्यक्ति की पहचान उधमपुर के ही रमेश के रूप में हुई है। हादसे में घायल व्यक्तियों में दर्शन सिंह और सुरजीत सिंह शामिल हैं। इनका चौपाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
- Advertisement -