- Advertisement -
नई दिल्ली। मोदी कैबिनेट (Modi cabinet) में मंत्रियों को उनके मंत्रालय (ministry) का बंटवारा कर दिया गया है। गुरुवार शाम 7 बजे पीएम नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमंडल के 57 सहयोगियों के साथ पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। आज यानी शुक्रवार को शाम 5 बजे मोदी कैबिनेट की पहली बैठक (First meeting of cabinet) भी है। इस दौरान मोदी सरकार कई अहम फैसले ले सकती है। बताया जा रहा है कि असंगठित क्षेत्र के मज़दूरों को 3000 रुपए की मासिक पेंशन (Pension) मिलने के मामले पर सरकार आज फैसला ले सकती है।
वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojna) के तहत देश के सभी किसानों को आर्थिक सहायता देने पर कैबिनेट की मुहर लग सकती है। भूमिहीन किसानों को भी इसमें शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक उम्र के छोटे और मझोले किसानों को पेंशन देने का फैसला भी लिया जा सकता है। इसके अलावा पीएम आने वाले दिनों में विभिन्न कैबिनेट समितियों जैसे सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति, संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति और राजनीतिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति पर भी निर्णय लेंगे। कैबिनेट की मीटिंग आज शाम करीब साढ़े पांच बजे से साउथ ब्लॉक में होगी। इसमें संसद का सत्र आहूत करने की संभावित तारीख तय की जा सकती है।
- Advertisement -