- Advertisement -
नई दिल्ली।मुस्लिम स्टूडेंट्स (Muslim students) को मोदी सरकार ने ईद (Eid) पर तोहफा दिया है। मोदी सरकार लगभग 5 करोड़ स्टूडेंट्स को पढ़ाई-लिखाई के लिए स्कॉलरशिप देगी। यह फैसला केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री (Union Minority Affairs Minister) मुख्तार अब्बास नकवी ने अपने मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद किया है। स्टूडेंट्स को स्कॉलरशिप (Scholarships) का यह तोहफा अगले पांच साल में दिया जाएगा। ‘प्रधानमंत्री छात्रवृति’ नाम की इस योजना का फायदा 50 प्रतिशत छात्राएं ले पाएंगी।
अपने मंत्रालय की बैठक के दौरान नकवी ने कहा, विकास की गाड़ी को विश्वास के हाईवे पर तेजी से दौड़ाना अगले पांच वर्षों में उनकी प्राथमिकता होगी।उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य ‘3ई’ यानी एजुकेशन, एम्प्लॉयमेंट और एम्पावरमेंट है। इसे पूरा करने के लिए वह परिश्रम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मुस्लिम लड़कियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए ‘पढ़ो–बढ़ो’ अभियान चलाया जाएगा। दूरदराज के इलाकों में जहां आर्थिक-सामाजिक कारणों से लोग लड़कियों को शिक्षा के लिए नहीं भेजते हैं वहां शैक्षणिक संस्थानों को सुविधाएं एवं साधन उपलब्ध कराने के लिए काम किया जाएगा। सौ से ज्यादा मोबाइल वैन के माध्यम से शिक्षा-रोजगार से जुड़े सरकारी कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए देश भर में अभियान चलाया जाएगा।’ इसके अलावा उन्होंने अगले 5 साल में युवाओं को कौशल और रोजगार देने की बात भी कही।
- Advertisement -