- Advertisement -
मनाली। पांच दिवसीय मनाली विंटर कार्निवाल (Manali Winter Carnival) के दूसरे दिन शुक्रवार को मालरोड पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में महानाटी डाली। इस महानाटी में मनाली विधानसभा क्षेत्र के लेफ्ट बैंक इलाके के 60 से अधिक महिला मंडलों की एक हजार से ज्यादा सदस्यों ने भाग लिया। पारंपरिक कुल्लवी सफेद पट्टू, लाल ढाठू और आभूषणों से सजी इन महिलाओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर नाटी डालकर विभिन्न प्रदेशों के लोक कलाकारों तथा देश-विदेश के पर्यटकों को अपनी समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू करवाया।
इस अद्भुत सांस्कृतिक आयोजन का शुभारंभ वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर (Forest Minister Govind Singh Thakur) ने किया। गोविंद ठाकुर ने भी महानाटी में भाग लिया। वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि विंटर कार्निवाल के चौथे दिन रविवार को भी महानाटी आयोजित की जाएगी, जिसमें मनाली विधानसभा क्षेत्र के राइट बैंक क्षेत्र के महिला मंडल की महिलाएं भाग लेंगी।
वे पारंपरिक काले रंग एवं खूबसूरत डिजाइन वाले कुल्लवी पट्टू के साथ लोक नृत्य करेंगी। इस बीच शरदोत्सव के दूसरे दिन मनाली की मनु रंगशाला और मालरोड में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थानीय लोगों के अलावा देश-विदेश के पर्यटकों ने इन कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
- Advertisement -