- Advertisement -
नाहन। हरिपुरधार क्षेत्र के बियोंग गांव रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ गया। 3 वर्षो के बाद बियोंग गांव में कुलदेवी कुचियाट माता के भव्य जागरण का अयोजन किया गया। महल, लाधी व पालवी क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों से तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जागरण में शिरकत की। दोपहर करीब डेढ़ बजे के बाद कुचियाट माता पजांह मंदिर से पारंपारिक वाद्य यंत्रों की गड़गड़ाट के साथ बियोंग के लिए रवाना हुई। माता को जब मंदिर से बाहर निकाला गया तो सैकड़ों गोलों के धमाके के साथ उनका स्वागत किया गया। पंजाह से लेकर बियोंग गांव तक हजारों लोग माता की जागरण यात्रा में शामिल हुए। रास्ते में श्रद्धालुओं ने माता के जयकारे के नारे लगाए, जिससे पूरा महल क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
ग्रामीणो ने बताया कि कुचियाट माता उनकी कुलदेवी है। वह गांव के लोगों की हर कामना को पूरा करती है। गांव पर आने वाली हर विपत्ति व आपदा से माता लोगों की रक्षा करती है। लोगों की देवी के प्रति अटूट आस्था है।
गांव के लोग प्रत्येक तीन वर्षो के बाद गांव में माता के छाई पालकी जागरण का आयोजन करते हैं। इस तरह के धार्मिक आयोजन से गांव में सुख समृद्धि आती है। जागरण के लिए गांव के लोग एक सप्ताह पहले ही तैयारियों में जुट जाते हैं। सभी लोग अपने मकानों की साफ-सफाई करते हैं।
- Advertisement -