-
Advertisement

इस सांसद ने घटाया वजन, गडकरी से मांगे 15 हजार करोड़ रुपए, जानें क्या है मामला
मध्य प्रदेश के उज्जैन संसदीय सीट के सांसद अनिल फिरोजिया (Anil Firojiya) इन दिनों काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। दरअसल, सांसद अनिल फिरोजिया ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) की चुनौती को स्वीकार करते हुए अपना वजन कम कर लिया है। फिरोजिया ने 15 किलो वजन घटाने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि अब वे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से क्षेत्र के विकास के लिए 15 हजार करोड़ रुपए की मांग करेंगे।
यह भी पढ़ें:पुलिस ऑफिसर बनकर स्कूल पहुंचा छात्र, टीचर की खुशी का नहीं रहा ठिकाना
बता दें कि सांसद अनिल फिरोजिया अपने क्षेत्र के विकास के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से लगातार बजट की मांग कर रहे थे। इसी दौरान गडकरी ने उनके सामने वजन कम करने की शर्त रखी थी। उन्होंने कहा कि हर एक किलोग्राम की एवज में क्षेत्र के विकास के लिए एक हजार करोड़ का बजट दिया जाएगा। इसके बाद सांसद अपना वजन कम करने के अभियान में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, फरवरी में फिरोजिया का वजन 125 किलोग्राम था। अब फिरोजिया अपनी फिटनेस के लिए नियमों का पालन कर रहे हैं। फिरोजिया सुबह की शुरुआत कसरत से करते हैं। फिर साइकिल चलाते हैं और संतुलित आहार लेते हैं। फिरोजिया का कहना है कि उन्होंने अब 15 किलो वजन कम कर लिया है। जिसके चलते अब वे 15000 करोड़ रुपए मांगने के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि वे अपना वजन कम करना जारी रखेंगे ताकि उनके लोकसभा क्षेत्र को विकास के लिए अधिक धन मिल सके।