- Advertisement -
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का किया ऐलान कर अपने सभी फैंस को हैरान कर दिया है। उन्होंने अपने इस बड़े फैसले का ऐलान इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक चार मिनट लंबा वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें उनके क्रिकेट जीवनकाल की झलक नज़र आ रही है और बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा है। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने कहा कि मुझे अब रियाटर मान लिया जाए। उन्होंने सपोर्ट करने के लिए फैंस का शुक्रिया अदा किया।
एमएस धोनी आईपीएल खेलते रहेंगे। ऐसे में उनके प्रशंसक आईपीएल में धोनी को खेलते हुए देख सकते हैं। 39 वर्षीय एमएस धोनी टेस्ट क्रिकेट से पहले ही संन्यास का ऐलान कर चुके थे। हालांकि वनडे और टी-20 में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बने हुए थे। लेकिन अब धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। धोनी क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के कप्तान भी रह चुके हैं। साथ ही धोनी के नाम कई बड़े कीर्तिमान भी दर्ज हैं।
उन्होंने अपनी कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी भारतीय टीम को जितवाई। इसके अलावा इंडियन प्रीमियर लीग में भी धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स टीम को सबसे कामयाब टीमों की फेहरिस्त तक पहुंचाया है। दुनिया के बेहतरीन फिनिशर्स में शुमार धोनी ने अपनी पहली इंटरनैशनल पारी में 0 रन बनाए थे। सीमित ओवर में भारत के कप्तान धोनी अब तक 350 वनडे मैच खेल चुके हैं। करीब 51 के औसत से खेल रहे धोनी 10773 रन बनाए। इसमें 10 शतक और 73 अर्द्धशतक उनके नाम हैं।
- Advertisement -