- Advertisement -
ऊना। प्रदेश के सभी स्कूलों में आज मुख्यमंत्री हरित विद्यालय अभियान 2019 का आगाज हुआ। अभियान का शुभारंभ ऊना जिला की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोह से शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज (Education Minister, Suresh Bhardwaj) और पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और अन्य लोगों ने 51 पौधे लगाए।
इस दौरान बीजेपी प्रदेशाअध्यक्ष सतपाल सत्ती, गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर और उद्योग विकास निगम के उपाध्यक्ष राम कुमार भी उपस्थित रहे। शिक्षा विभाग द्वारा शुरू किए गए इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी स्कूलों में पौधरोपण किया जायेगा। वहीं आज के कार्यक्रम को पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को समर्पित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि सरकारी अध्यापक अपने बच्चे को भी सरकारी स्कूलों में ही पढ़ाएं, ताकि शिक्षा के स्तर में सुधर हो सके।
हिमाचल प्रदेश में पर्यावरण को बचाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पौधे रोप जायेंगे। इस मुहीम को मुख्यमंत्री हरित विद्यालय अभियान -2019 नाम दिया गया है। इस अभियान का आगाज शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर द्वारा किया गया।
अभियान के शुभारंभ समारोह से एक दिन पहले ही पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन के चलते इस कार्यक्रम को पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को समर्पित किया गया। वहीं पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के नाम से भी एक पौधा लगाया गया। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों को सुषमा स्वराज को समर्पित पौधे का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
- Advertisement -