- Advertisement -
शिमला। नगर निगम शिमला ने शहर के विकास के लिए अपना खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। नगर निगम का इसी माह बजट भी पेश होना है और इसमें शहर के विकास की दशा व दिशा का जिक्र होगा। इस बार बजट कितने का होगा, यह तो बजट पेश होने के वक्त ही पता चलेगा, लेकिन पिछली बार 401.67 करोड़ रुपए से अधिक का बजट पेश किया गया था। नगर निगम के बजट में शहर के 34 वार्डों में किए जाने वाले कार्यों और नगर निगम के कर्मियों को लेकर घोषणाएं की जाएगी। इस बार शिमला नगर निगम के बजट में क्या-क्या कार्य करने हैं, उसे लेकर चर्चा की जा रही है। नगर निगम के विभागों की स्कीमों को लेकर मेयर निगम के अफसरों से चर्चा की है। यही नहीं, मेयर शहर के लोगों से भी अपने सुझाव देने को कहा है। वहीं, मेयर सभी पार्षदों से भी चर्चा करने जा रही है।
मेयर ने पार्षदों के साथ बजट के स्वरूप को लेकर चर्चा करने को 16 फरवरी को बैठक रखी है। इस बैठक में पार्षदों की प्राथमिकताएं ली जा सकती हैं और उनके शहर के विकास को लेकर क्या सुझाव हैं, उन्हें भी लिया जा सकता है। पार्षद भी चाहेंगे कि बजट में उनके वार्डों के काम आए। बजट में वार्डों के कार्य शामिल होने से बाद में कार्यों के लेकर किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। क्योंकि विकास कार्यों के लिए बजट का प्रावधान पहले से होगा। वहीं, मेयर ने शहर की जनता से भी बजट को लेकर सुझाव मांगे हैं।
ऐसा शहर के विकास में उनकी सहभागिता बढ़ाने के मकसद से किया गया है। बजट को लेकर शहरवासी अच्छे सुझाव दे सकते हैं। मेयर कुसुम सदरेट ने कहा कि नगर निगम का बजट इसी माह पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरवासी शहर के विकास को लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव दें और वे सुझाव उन्हें भी दे सकते हैं और नगर निगम को मेल भी कर सकते हैं।
- Advertisement -