- Advertisement -
पांवटा साहिब। नगर परिषद पांवटा साहिब के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यमुना नदी में कूड़ा फेंकने पहुंचे नगर परिषद के दो वाहनों समेत चार गाड़ियों को वन विभाग ने सीज कर दिया है। वन विभाग ने नप को चेताते हुए कहा कि यदि यमुना नदी में कूड़ा डालने का सिलसिला बंद नहीं किया तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दरअसल, पांवटा साहिब में ना कूड़ा संयंत्र की व्यवस्था है ना ही कूड़े के निस्तारण की।
इसके चलते नगर परिषद हर रोज टनों के हिसाब से शहर की गंदगी यमुना के किनारे फेंक देती है। हालांकि, एनजीटी (NGT) इस मामले में संज्ञान ले चुका है। बावजूद इसके यमुना में गंदगी फैलाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे मामलों में इससे पहले भी चालान हो चुके हैं, मगर नदी में भारी गंदगी डालने से नप बाज नहीं आ रही है। उधर, डीएफओ कुणाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि वन विभाग ने कुल चार वाहनों को कूड़ा डालते हुए दबोचा है। इनमें दो वाहन नगर परिषद के हैं और दो वाहन निजी हैं। विभाग ने चारों वाहनों को जब्त कर लिया है। इसकी नगर परिषद को सूचना दे दी गई है।
- Advertisement -